पीएम ने पुनर्विकसित बैजनाथ-पपरोला रेलवे स्टेशन का वर्चुअली किया उद्घाटन
बैजनाथ-पपरोला रेलवे स्टेशन को नया रूप मिल गया। 8 करोड़ 11 लाख की लागत से पुनर्विकसित हुए रेलवे स्टेशन को पीएम नरेंद्र मोदी ने वीरवार को वर्चुअल उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित कर दिया। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज व राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी विशेष तौर पर मौजूद रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल ने राजनीति से ऊपर उठकर कार्यक्रम में भाग लिया व मंच से पीएम मोदी के द्वारा बैजनाथ पपरोला रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण की तारीफ की। सांसद राजीव भारद्वाज ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देशभर में विकास की नए नई गाथा लिखी जा रही है। उन्होंने बताया कि बैजनाथ पपरोला से उनका पुराना नाता है व यहां के रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना से जोडऩा इस क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। वहीं, राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी ने कहा कि जब से देश की बागडोर पीएम नरेंद्र मोदी के हाथ में आई है, तब से रेलवे नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है। आने वाले समय में पठानकोट जोगिंद्रनगर रेलमार्ग को ब्राडगेज के साथ जोड़ा जाएगा और वंदे भारत ट्रेन को भी कांगड़ा तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।












