डंपिंग साइट में लगी आग से शहर में कूड़ा उठाने में बाधा, महापौर ने किया निरीक्षण
शहर की डंपिंग साइट में आज अचानक आग लग जाने से नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां ऊपर तक नहीं पहुंच पाईं, जिससे शहर के कई हिस्सों से कचरा नहीं उठ पाया। आग लगने की घटना से पूरे क्षेत्र में घना धुआं फैल गया, जिससे आसपास के वातावरण पर भी असर पड़ा।घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के लिए तुरंत आवश्यक कार्रवाई की। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि आग से किसी जान-माल की हानि नहीं हुई है, लेकिन डंपिंग साइट के अंदर खड़ी कुछ कचरा गाड़ियों के टायर जलने की सूचना है। नगर निगम महापौर वीरेंद्र भट शर्मा ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत डंपिंग साइट का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ पार्षद राजेंद्र मोहन भी उपस्थित रहे। महापौर ने मौके पर पहुंचकर नगर निगम अधिकारियों और फायर ब्रिगेड कर्मियों से विस्तृत जानकारी ली और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महापौर वीरेंद्र भट शर्मा ने कहा कि डंपिंग साइट पर आग लगना एक गंभीर विषय है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच की जाएगी। साथ ही, आग से हुए नुकसान का आकलन कर त्वरित मरम्मत और व्यवस्था बहाली के आदेश दिए गए हैं। नगर निगम ने आम जनता से सहयोग की अपील की है और कहा है कि अगले एक-दो दिनों में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को पुनः सामान्य कर दिया जाएगा।












