बरसात ने धीमी की बाजारों की रफ्तार, धर्मशाला में 40% तक घटा कारोबार
इस बार की बरसात ने धर्मशाला सहित जिले भर के बाजारों में कारोबार की रफ्तार थाम दी है। लगातार बारिश के चलते कपड़े, जूते, बर्तन सहित अन्य सामग्री की बिक्री पर बुरा असर पड़ा है। धर्मशाला में 40 फीसदी तक कारोबार घट गया है। दुकानदार दिनभर ग्राहकों का इंतजार करते रह जाते हैं, लेकिन बाजारों में गिने-चुने लोग ही नजर आते हैं। व्यापारियों का कहना है कि जहां पहले पर्यटकों की आवाजाही से बाजारों में रौनक रहती थी, वहीं अब खराब मौसम और हादसों की आशंका के चलते पर्यटक भी कम आ रहे हैं। जो पर्यटक धर्मशाला या मैक्लोडगंज की ओर रुख कर भी रहे हैं, वह पहले मौसम की जानकारी मोबाइल पर लेकर ही आगे बढ़ते हैं। वहीं, ऑनलाइन शॉपिंग भी स्थानीय व्यापार पर भारी पड़ रही है। बारिश के चलते लोग घरों से बाहर निकलने की बजाय मोबाइल एप्स से सामान मंगवाना ज्यादा सुरक्षित समझ रहे हैं। व्यापार मंडल कोतवाली बाजार धर्मशाला के अध्यक्ष अनुज कश्यप ने बताया कि बरसात के कारण करीब 40 फीसदी कारोबार घट गया है। आने वाले तीन माह तक भी ऐसे ही हालात रहने की संभावना है। धर्मशाला आने वाले लोग पहले मौसम की जानकारी ले रहे हैं और फिर ही आने का निर्णय लेते हैं। धर्मशाला के कारोबारी राधेश महाजन और तनु रस्तोगी ने कहा कि पहले की तुलना में व्यापार पर काफी असर पड़ा है। ऑनलाइन शॉपिंग के कारण बाजारों में ग्राहक कम आ रहे हैं। बरसात का असर तो हर साल होता है, लेकिन इस बार 20 से 30 फीसदी तक कारोबार प्रभावित हुआ है। वहीं, रजिंद्र भाटिया और जूता कारोबारी नरेंद्र त्रेहन ने कहा कि लगभग 30 फीसदी कारोबार घटा है। अस्त (सावन-भादों) भी चल रहा है, जिसमें लोग खरीदारी से बचते हैं। बारिश में ग्राहक दुकान तक नहीं पहुंच पा रहे। लोग भीगने से बचने के लिए ऑनलाइन ही सामान मंगवा रहे हैं।












