सीएम बोले-जल्द घोषित करेंगे आलू का एमएसपी
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने घोषणा की है कि राज्य सरकार शीघ्र ही आलू का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) घोषित करेगी, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी। इसके साथ ही प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों के समर्थन मूल्य में भी निरंतर बढ़ोतरी की जाएगी। सीएम राज्य रिवाइटलाइजिंग रेनफेड एग्रीकल्चर नेटवर्क द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय बहुहितधारक परामर्श सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि ऊना जिले में लगभग 20 करोड़ रुपए की लागत से एक आलू प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जाएगा।
कहा-मृदा संरक्षण पर दिया जा रहा जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने और कृषि को बचाने के लिए हरित ऊर्जा और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने पारंपरिक बीज प्रणालियों के उपयोग, जल सुरक्षा और मृदा संरक्षण पर भी जोर दिया।
प्राकृतिक खेती पर पुस्तक का विमोचन
मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती के अनुभवों पर आधारित एक पुस्तक का विमोचन भी किया और प्राकृतिक खेती से जुड़े किसानों की सराहना की।












