मतदाता सूचियों का प्रारूप आमजन के निरीक्षण के लिए उपलब्ध
राज्य चुनाव आयोग द्वारा आगामी पंचायती राज चुनावों के मद्देनजर मतदाता सूचियां अहर्ता तिथि एक अप्रैल के आधार पर 6 अक्टूबर से पुनरीक्षण के लिए आम जनमानस के लिए उपलब्ध कर दी गई हैं। यह मतदाता सूचियां सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के संबंधित पंचायत, बीडीओ कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेंगी। खंड विकास अधिकारी व पुनरीक्षण अधिकारी ब्रह्मदास ने बताया कि 8 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक पुनरीक्षण अधिकारी कार्यालय में दावे व आक्षेप दाखिल किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि दावे और आपत्तियां निर्धारित प्रपत्र संख्या 2, 3 और 4 पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित ग्राम पंचायत सचिव के पास जमा की जा सकती हैं। इन सभी मामलों का निपटारा खंड विकास अधिकारी एवं पुनरीक्षण अधिकारी द्वारा 10 दिनों के भीतर किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने बताया कि राज्य चयन आयोग द्वारा निर्धारित तिथि 1 अक्टूबर 2025 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले मतदाता को सूची में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 13 नवंबर को किया जाएगा।उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों के इस विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान सभी पात्र नागरिक अपने मतदान केंद्र में जाकर मतदाता सूचियों का निरीक्षण कर लें।












