दीपावली पर अस्पताल और सफाई कर्मियों को बांटी खुशियां, 100 लोगों को उपहार
दीपावली के उपलक्ष्य में क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अस्पताल के स्टाफ, नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों को मिठाई और उपहार वितरित किए गए। यह आयोजन समाजसेवी नीरज हांडा और राजू की अगुवाई में किया गया, जिन्होंने मानव सेवा को ही सच्ची सेवा बताते हुए सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मंडी के जिलाधीश अपूर्व देवगन, महापौर विजय भट्ट शर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने दीपावली को मिलजुल कर मनाने और समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां बांटने का संदेश दिया। कार्यक्रम में लगभग 100 लोगों को दीपावली के उपहार दिए गए। इस दौरान डीएसपी दिनेश कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त विजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपाली शर्मा और एमएस डॉक्टर दिनेश ठाकुर भी मौजूद रहे। समाजसेवी नीरज हांडा और राजू ने मंडी सहित प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सभी से इस पर्व को पर्यावरण के अनुकूल तरीके से मनाने की अपील की।












