'एक राष्ट्र, एक चुनाव' राष्ट्रहित का है विचार: सीएम नायब सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 'एक राष्ट्र एक चुनाव' (वन नेशन वन इलेक्शन) सिर्फ एक राजनीतिक विचार नहीं है, यह राष्ट्रहित का विचार है। यह समय, संसाधन और जनभागीदारी को और अधिक सशक्त करने वाला विचार है। मुख्यमंत्री ने यह बात रविवार को गुरुग्राम में 'एक राष्ट्र एक चुनाव' थीम पर आयोजित 'गुरुग्राम रन' की शुरुआत से पूर्व अपने संबोधन में कही। उन्होंने कहा कि यह वह विचार है, जिसके अनुसार जब एक राष्ट्र एक साथ चलता है, तब वह हर बाधा को पार कर सकता है। जब देश एक साथ सोचता है, तब वह हर संकट का समाधान निकाल सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वन नेशन-वन इलेक्शन सिर्फ एक नारा नहीं है, बल्कि यह प्रधानमंत्री मोदी की उस समग्र सोच का प्रतीक है, जो एकता में शक्ति को मानती है। वन नेशन-वन इलेक्शन प्रधानमंत्री के उसी सपने की कड़ी है, जिसे हमने 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' के रूप में देखा है। यह विचार देश के हर नागरिक को एक समान अवसर देता है, एक साथ आगे बढऩे की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जब युवा शक्ति आगे आती है तो निश्चित रूप से बदलाव की लहर उठती है। 'गुरुग्राम रन' में भाग ले रही युवा शक्ति इस बात का प्रतीक है कि भारत का भविष्य जाग चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा यह दौड़ सिर्फ शरीर की फिटनेस की नहीं, लोकतंत्र की फिटनेस का भी प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वन नेशन-वन इलेक्शन को सफल बनाना है तो हमें नवाचार की, संवाद की और संवेदनशीलता की जरूरत है। उन्होंने युवा शक्ति से आह्वान किया कि वे कॉलेजों में, गांव की चौपालों में, सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा कर एक सार्थक माहौल बनाने में सहभागी बने। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सरकार का काम नहीं है। यह राष्ट्र निर्माण का कार्य है, जिसमें हर नागरिक की भूमिका अनिवार्य है। सैनी ने कहा कि गुरुग्राम सिर्फ एक आधुनिक शहर नहीं है। आधुनिक तकनीक, नवाचार और कौशलयुक्त युवाओं की शक्ति का केंद्र बन चुके माता शीतला की इस पावन धरा से निकली प्रेरणा पूरे हरियाणा में और फिर पूरे भारतवर्ष में परिवर्तन का संकल्प बन सकती है। इस अवसर पर मंत्री राव नरबीर, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, बिमला चौधरी, विधायक मुकेश शर्मा, मोहन लाल, ओम प्रकाश धनखड़, सुनीता दुग्गल आदि मौजूद थे।












