रिस्सा पुल का संपर्क टूटा, आधा दर्जन पंचायतों के लोग परेशान
रिस्सा पुल का एक छोर टूटने से लगभग आधा दर्जन पंचायतों का संपर्क पिछले तीन हफ्तों से टूटा हुआ है। इस दौरान प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि बड़े और राजस्व देने वाले बस रूट तो अधूरे-अधूरे चल रहे हैं, लेकिन पतराई–गलू जैसे रूटों पर बड़े वाहन पिछले दो माह से पूरी तरह बंद पड़े हैं। बरोटी, टिक्कर और मैगल जैसे ग्रामीण क्षेत्रों के लोग मांग कर रहे हैं कि बसों को वाया मसेरन–भद्रवाड़–पिंगला चलाया जाए, ताकि छात्रों, कर्मचारियों और मरीजों को राहत मिल सके। लोक निर्माण विभाग सरकाघाट के अधिशासी अभियंता हितेश शर्मा ने बताया कि पुल की दोनों एप्रोच वॉल के टेंडर जारी कर दिए गए हैं। उनका कहना है कि आगामी तीन सप्ताह के भीतर एप्रोच वॉल का निर्माण कार्य पूरा कर यातायात सुचारू कर दिया जाएगा।












