बारिश में भी आस्था अपार : ज्वालामुखी शक्तिपीठ में दंडवत प्रणाम कर पहुंचे श्रद्धालु
ज्वालामुखी शक्तिपीठ में रविवार को बारिश के बीच भक्ति और श्रद्धा का अद्वितीय नजारा देखने को मिला। भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालु माता रानी के दर्शन के लिए दंडवत प्रणाम करते हुए मंदिर तक पहुंचे। लुधियाना से आया एक परिवार, जिसमें एक महिला और दो पुरुष शामिल थे, ने बस स्टैंड से मुख्य मंदिर मार्ग के भवन द्वार तक करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी दंडवत प्रणाम करते हुए तय की। श्रद्धालु अमित ने बताया कि माता रानी ने उनकी मुराद पूरी की है, इसलिए वे गुप्त नवरात्र में यहां दर्शन करने आए हैं। उन्होंने संपूर्ण यात्रा दंडवत प्रणाम करते हुए पूरी की। इसी तरह, पंजाब से आए परमजीत और विकास ने भी माता रानी के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए दंडवत करते हुए मंदिर में प्रवेश किया। उन्होंने कहा कि माता ने उनकी झोली खुशियों से भर दी है, इसलिए वे यह संकल्प पूरा करने आए हैं। माता रानी के दरबार में पहुंचते ही श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं और होंठों पर एक ही जयघोष जय माता दी रहा।












