आतंकवाद के खिलाफ भारत-लीग ऑफ अरब स्टेट्स की सोच एक: अनुराग
पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग ठाकुर का आतंकवाद पर भारतीय सेना की कार्रवाई 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता और आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को बेनकाब करने के उद्देश्य से भारत की ओर से विदेश यात्रा पर सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के ग्रुप-7 सांसदों के साथ अफ्रीकी देश मिस्र में लीग ऑफ अरब स्टेट्स के महासचिव अहमद अबुल घीत, मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलती, मीडिया व मिस्र के प्रबुद्ध जनों के साथ भेंट की। उन्होंने भारत के व्यापक राजनीतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक मीडिया सहयोग, भारत-अरब एनर्जी फोरम, जुड़ाव पर चर्चा कर आतंकवाद से निपटने के लिए भारत के एकीकृत रुख और सामूहिक दृढ़ संकल्प को रेखांकित किया। अनुराग ने कहा कि भारत और अरब पुराने रणनीतिक, व्यापारिक व सांस्कृतिक साझीदार हैं। पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विश्व के लिए गंभीर चुनौती है। मिस्र की राजधानी काहिरा में लीग ऑफ अरब स्टेट्स के अहमद अबुल घीत के साथ भारत के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में दोनों पक्षों ने अपने-अपने देशों और क्षेत्रों में आतंकवादी खतरों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।












