सीएम सुक्खू ने दिल्ली में की हिमाचल के हितों की पैरवी
हिमाचल के सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान दो केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की। विशेष मुलाकात के इस क्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से किशाऊ जल विद्युत परियोजना में प्रदेश के अधिकारों और हितों को ध्यान में रखने का आग्रह किया गया। सीएम ने बैठक के दौरान कहा कि केंद्र सरकार या किशाऊ परियोजना के प्रमुख लाभार्थी राज्य दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान को इस परियोजना की पूरी लागत वहन करनी चाहिए। इसके अलावा रेणुका बांध परियोजना में स्थानीय क्षेत्र विकास निधि और निशुल्क बिजली घटक के मामलों पर गंभीर विचार किया जाना चाहिए। सीएम ने कहा कि जल विद्युत परियोजनाएं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। परियोजनाओं के दृष्टिगत पर्यावरणीय और सामाजिक मूल्यों का भी ध्यान रखते हुए राज्य को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए और राज्य को जल जीवन मिशन के तहत लंबित राशि को शीघ्र जारी करने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने राज्य को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए मांगी जरूरी मदद
सीएम ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से हिमाचल में स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक मदद मांगी। मुख्यमंत्री ने कैंसर केयर सेंटर के लिए केंद्र से सहयोग तथा राज्य में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के लिए अस्पतालों में नवीनतम चिकित्सा तकनीक और आधुनिक उपकरणों के लिए आग्रह किया।












