आयुष विभाग ने वृद्ध आश्रम देहरी में किया शिविर का आयोजन
आयुष विभाग उपमंडल सुंदरनगर जिला मंडी की टीम द्वारा वृद्ध आश्रम देहरी सुंदरनगर में डाॅ. विक्रम राणा की अध्यक्षता में एक बहुउद्देशीय स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। इसमें आश्रम आवासी वृद्धों के साथ आसपास के लगभग 115 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। शिविर में मधुमेह, रक्तचाप, रक्त अल्पता की जांच की गई तथा कपिंग थेरेपी मर्म चिकित्सा और अग्नि कर्म द्वारा मरीजों का उपचार किया गया तथा निशुल्क दवाइयां वितरित की गई। महासचिव उतम चंद शर्मा ने बताया कि न्यास के अध्यक्ष डॉ. पदम गुलेरिया ने दीप प्रज्वलन और भगवान धन्वंतरि की पूजा करके शिविर की विधिवत शुरुआत की। शिविर के दौरान योग विशेषज्ञ द्वारा विशेष योग सत्र का आयोजन कर लोगों को योग करने के तौर तरीकों तथा इसके स्वास्थ्य लाभों पर विस्तृत चर्चा की गई। उक्त शिविर में आयुष विभाग की ओर से डाॅ. कल्पना सिंह, डॉ. राम कुमार, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. सरिता व डॉ. लोकेश के साथ आयुर्वेदिक अधिकारी भावना, राजकुमार तथा रंजना सहित शिविर सफल बनाने के लिए अन्य आयुष स्टाफ का विशेष योगदान रहा।












