स्वस्थानी माता धाम में राज्यपाल ने पत्नी के साथ की पूजा-अर्चना, शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने बुधवार को अपनी धर्मपत्नी जानकी शुक्ला के साथ स्वस्थानी माता धाम रक्कड़ पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और माता के दर्शन किए। इस अवसर पर मंदिर परिसर में नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ हुआ, जिसमें देशभर से आए वेदपाठी ब्राह्मण वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान कर रहे हैं। महायज्ञ के शुभारंभ के अवसर पर राज्यपाल ने आचार्यों को सम्मानित किया और मंदिर परिसर में पौधरोपण तथा भूमि पूजन भी किया। उन्होंने कहा कि तंत्रकुल जैसी परियोजनाएं भारतीय वांग्मय की आधारशिला हैं और हिमाचल में तंत्रकुल का पहला राष्ट्रीय केंद्र खुलना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम का संचालन सह संयोजक आशुतोष भट्ट और हेमंत शर्मा ने किया। इस मौके पर विधायक बिक्रम ठाकुर, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, कांग्रेस नेता सुरिंदर मनकोटिया, मंदिर कमेटी के अध्यक्ष एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विनोद शर्मा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। शतचंडी महायज्ञ 3 जुलाई से 10 जुलाई तक चलेगा और समापन दिन भव्य महापूजन और समारोह के साथ किया जाएगा। इसी अवसर पर देश का पहला तंत्रकुल राष्ट्रीय केंद्र भी स्थापित किया गया है, जिसका उद्देश्य युवाओं को तंत्र, वेद, आयुर्वेद और अध्यात्म की गहन शिक्षा देना है।












