हिमाचल में अगले पांच दिन रहेगा मौसम साफ, तापमान में हुई बढ़ोतरी
हिमाचल प्रदेश में मई की शुरुआत से जारी बारिश और ओलावृष्टि के बाद अब मौसम के मिजाज में बदलाव आने वाला है। अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, लेकिन अधिकांश इलाकों में धूप खिली रहेगी। इसके चलते तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। बीते डेढ़ हफ्ते से बारिश और ऊंचे इलाकों में हल्के हिमपात के कारण तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया था। इससे प्रदेश के मध्यम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम सुहावना बना हुआ था और गर्मी का असर न के बराबर था, लेकिन अब तापमान के बढऩे से पहाड़ों में भी गर्मी का एहसास होने लगेगा। प्रदेश में इस बार मई महीने की शुरुआत में ही अच्छी बारिश दर्ज की गई है।












