डीएवी जोगिंद्रनगर के कनिक व आशिष ने चमकाया नाम
- राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में जीते पदक
बिलासपुर के लुहणू ग्राउंड में आयोजित डीएवी राज्य स्तरीय खेल प्रतिस्पर्धा में डीएवी स्कूल जोगिंद्रनगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के पांच खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से कनिक ने अंडर-19 लॉन्ग जंप में स्वर्ण पदक जीता, जबकि आशिष ने अंडर-14 शॉट पुट प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया। दोनों ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। विद्यालय परिवार और स्थानीय क्षेत्र में इस उपलब्धि से खुशी की लहर है। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय ठाकुर ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, लगन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कनिक और आशिष ने न केवल अपने माता-पिता और अध्यापकों का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे विद्यालय और क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।विद्यालय प्रशासन ने खिलाड़ियों को भविष्य में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए ढेरों शुभकामनाएं दी हैं।












