शिक्षा ऋण योजना से युवाओं के सपने साकार
पंचायत बौहण भाटी में रविवार को जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रदेश अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार और प्रबंधक सीएल शर्मा ने अल्पसंख्यक समुदायों के लिए सरकार की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टर्म लोन योजना के तहत 30 लाख रुपए तक की लागत वाली परियोजनाओं के लिए ऋण प्रदान किया जाता है। इस योजना में खेती एवं उससे जुड़े कार्य, तकनीकी व्यापार, छोटे व्यवसाय, कारीगर एवं परंपरागत व्यवसाय और परिवहन क्षेत्र के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इस योजना में ऋण 6 प्रतिशत ब्याज दर पर दिए जाते हैं। शिक्षा ऋण योजना के तहत अल्पसंख्यक समुदायों के लोगों को व्यावसायिक व तकनीकी कोर्सों के लिए 20 लाख रुपए तक का ऋण 3 प्रतिशत के ब्याज दर पर दिए जाते हंै। कोर्स पूरा होने के बाद ऋण को अधिकतम पांच वर्षों तक वापस करना होता है। विरासत योजना के अंतर्गत कार्यशील पूंजी और उपकरण, औजार, मशीनरी की खरीद के किए कारीगरों को 10 लाख रुपए तक का ऋण दिया जाता है। विधायक ने कहा कि इस तरह के शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं को जन जन तक पहुंचाना है ताकि लोग इसका फायदा उठा सकें। उपमंडल अधिकारी ज्वालामुखी डॉ. संजीव शर्मा ने जागरूकता शिविर में राजस्व विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी।












