प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सजग: भारती
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में जब उनके काफिले में उनके सिक्योरिटी स्टाफ द्वारा एक आईपीएस अधिकारी के साथ मारपीट और दुव्र्यवहार किया गया था, तब उन्होंने इस मामले में क्या कार्रवाई की थी, इसकी जानकारी प्रदेश की जनता को दी जाए। यह बात कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सुमन भारती ने कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार विमल नेगी के मामले में पूरी पात्रता से जांच करवा रही है, जिसमें कहीं कोई रुकावट नहीं है। भाजपा इस मुद्दे पर सिर्फ राजनीति कर रही है। भारती ने कहा कि भाजपा के मंडी से सांसद रहे रामस्वरूप शर्मा की मौत किन कारणों से हुई थी, इस पर से पर्दा आज तक नहीं उठ पाया है। इसकी जांच तत्कालीन भाजपा सरकार ने क्यों नहीं करवाई थी, जबकि रामस्वरूप शर्मा का परिवार इस मामले में सीबीआई जांच करवाने की मांग करता रहा। प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह से सजग है। यही वजह है कि जहां पर भी कानून का उल्लंघन हुआ है, वहां सीएम ने डीजीपी, अतिरिक्त मुख्य सचिव और एसपी तक पर कार्रवाई की है।












