कम बजट में करें हिमाचल की हसीन वादियों का दीदार
अगर आप इस मानसून में हिमाचल प्रदेश की हसीन वादियों का लुत्फ उठाना चाहते हैं और बजट की चिंता भी नहीं करनी है, तो यह खबर आपके लिए है। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) ने मानसून सीजन को देखते हुए अपने होटलों में 20 से 40 फीसदी तक की बंपर छूट का ऐलान किया है। यह छूट 15 जुलाई से 12 सितंबर तक मान्य रहेगी, जो पर्यटकों को कम खर्चे में यादगार छुट्टियां बिताने का शानदार मौका दे रही है। आमतौर पर ऑफ सीजन माने जाने वाले मानसून में यह छूट पर्यटकों को आकर्षित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह छूट केलांग के होटल चंद्रभागा, काजा में द स्पीति, कल्पा के किन्नर कैलाश, होटल सुकेत, विल्ली पार्क, चंपक और हमीर होटल को छोड़कर निगम के लगभग सभी होटलों में उपलब्ध होगी। 40 फीसदी तक की भारी छूट वाले होटलों में कसौली का रोस कॉमन, नारकंडा का होटल हाटू, चायल पैलेस और अनेक्सी, नालदेहरा का द गोल्फ ग्लेड, डलहौजी का होटल मणिमहेश, गीतांजलि, फागू का होटल एप्पल ब्लॉसम शामिल हैं। वहीं, 20 फीसदी की छूट वाले होटलों में रोहड़ू का चांशल, होटल बघाल, रामपुर का बुशैहर रिजेंसी, रिवालसर का टूरिस्ट इन, कुल्लू के होटल सिल्वरमून और सरवरी, सराहन का होटल श्रीखंड और मनाली के होटल रोहतांग, मनालसू शामिल किए गए हैं।
ऐसे हासिल करें जानकारी
प्रदेश पर्यटन विकास निगम की वेबसाइट पर सभी होटलों की विस्तृत रेट लिस्ट और अन्य जानकारी उपलब्ध है। एचपीटीडीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि यह पहल पर्यटकों को हिमाचल के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
कब नहीं मिलेगी छूट
यह छूट मिंजर मेले (27 जुलाई से 3 अगस्त तक) के दौरान होटल इरावती, चंपक और मणिमहेश यात्रा (11 अगस्त से 1 सितंबर तक) के दौरान भरमौर के होटल गौरीकुंड में लागू नहीं होगी।












