धर्मशाला में शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई HAS परीक्षा, पहले सत्र में 1431 और दूसरे में 1395 अभ्यर्थी रहे उपस्थित
जिला मुख्यालय में रविवार को हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचएएस) परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। 11 परीक्षा केंद्रों में पहले सत्र में 1431 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि दूसरे पेपर में 1395 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा का आयोजन पूरी तरह सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में किया गया, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके। एडीसी विनय कुमार ने बताया कि एचएएस परीक्षा में कुल 2802 अभ्यर्थियों को बैठना था। इनमें पहले पेपर में 1431 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि दूसरे पेपर में 1395 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली गईं थीं। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए केंद्रों पर पर्यवेक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती भी की गई थी। जिला प्रशासन ने परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए सभी जरूरी कदम उठाए और यह सुनिश्चित किया कि सभी अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा के परिणाम नियमानुसार निर्धारित समय पर घोषित किए जाएंगे और चयनित अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया के लिए बुलाया जाएगा।












