त्योहारी रौनक में जाम की मार: जोगिंद्रनगर में घंटों थमी रही वाहनों की रफ्तार
त्योहारी खरीदारी की रौनक ने जहां जोगिंद्रनगर के बाजारों को गुलजार कर दिया है, वहीं शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई है। गुरुवार को शहर के प्रमुख मार्गों पर दिनभर भयानक जाम के हालात बने रहे, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।शहर के मुख्य चौराहे, पठानकोट चौक से मंदिर रोड तक, वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। वहीं, जोगिंद्रनगर-सरकाघाट मार्ग पर भी स्थिति विकट रही और रेलवे फाटक तक ट्रैफिक रेंगता नजर आया। सुबह से ही बाजारों में उमड़ी भारी भीड़ और वाहनों के दबाव से पूरा शहर थम सा गया।
अव्यवस्था ने बढ़ाई मुश्किल:
जाम की मुख्य वजह त्यौहारी खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ के साथ-साथ दुकानों के बाहर खड़े वाहनों और जगह-जगह अवैध पार्किंग रही। इस अव्यवस्था ने स्थिति को और बिगाड़ दिया। जाम में फंसे स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं घंटों तक धूप में परेशान रहे। बसों और टैक्सियों के फंसे रहने से यात्रियों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी कठिनाई झेलनी पड़ी।
हालांकि, पुलिस कर्मियों ने दिनभर विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर यातायात को सुचारू करने का भरसक प्रयास किया। दूसरी ओर, स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि ग्राहकों के लिए पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने के कारण खरीदारी करने में मुश्किल आ रही है। त्योहारी सीजन की इस भीड़ ने बाजारों की रौनक तो बढ़ाई है, लेकिन ट्रैफिक जाम ने लोगों की खुशियों में खलल डाल दिया है।












