जटोन बैराज से गिरि नदी में छोड़ा गया पानी, निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा
जटोन बैराज में तैनात कर्मचारियों ने सुबह 6:20 बजे जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को सूचना दी कि जलस्तर खतरे की सीमा के करीब पहुंच चुका है। इसके मात्र 10 मिनट बाद सुबह 6:30 बजे बैराज से पानी छोड़ दिया गया। गिरि नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
नदी किनारे जाने से बचें, भूस्खलन का भी खतरा
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि लोग नदी किनारे न जाएं, क्योंकि तेज बहाव और जलस्तर में अचानक वृद्धि से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। साथ ही, बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका भी बनी हुई है, जो जनसुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।
विभागों को किया गया अलर्ट, राहत तैयारियां जारी
गिरि नदी में जलस्तर बढ़ने की मुख्य वजह सिरमौर और इसके ऊपरी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं।












