बकलोह में गूंजा जय मां काली का जयकारा
जिला चंबा के ऐतिहासिक बकलोह क्षेत्र में 22 अप्रैल को चतुर्थ गोरखा राइफल के जवानों और अधिकारियों द्वारा अपनी कुल देवी मां काली की भव्य पूजा-अर्चना की गई। यह आयोजन 14 गोरखा राइफल्स ट्रेनिंग सेंटर की ऐतिहासिक परंपरा का हिस्सा रहा, जहां आज भी प्रत्येक वर्ष 19 अप्रैल को देश के कोने-कोने से गोरखा जवान और अधिकारी बकलोह पहुंचकर हाजिरी भरते हैं। समारोह के अंतिम दिन डिप्टी कमांडेंट लिटन धर की अगुवाई में पांचों यूनिटों के धर्मगुरुओं द्वारा मां काली मंदिर में हवन और पूजन संपन्न हुआ। प्रात: 10 बजे से शुरू हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में देवीदेवताओं को नव वस्त्र धारण कराए गए, और मंदिर परिसर में ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम के अंत में डिप्टी कमांडेंट लिटन धर ने गोरखा सभा बकलोह के सभापति विजय गुरुंग को सम्मान स्वरूप एक चांदी की खुकरी भेंट की। साथ ही, सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह प्रदान क सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कई गणमान्य सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें कर्नल नीरज कुमार, लेफ्टिनेंट सोरिया गंभीर, कर्नल मोतीराम राणा, कर्नल जसरोटिया, सेंटर एसएम भारत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।












