चमियाना अस्पताल में शुरू, होगी रोबोटिक सर्जरी: सीएम
शिमला का निकटवर्ती चमियाना अस्पताल प्रदेश का पहला ऐसा संस्थान होगा, जहां रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके बाद कांगड़ा जिले के टांडा मेडिकल कॉलेज में भी यह सुविधा शुरू की जाएगी। इसके साथ ही टांडा, हमीरपुर और नेरचौक के मेडिकल कॉलेजों में 3 टेस्ला एमआरआई मशीनें स्थापित की जा रही हैं। आईजीएमसी की पुरानी एमआरआई मशीन को भी शीघ्र बदला जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ये घोषणाएं वीरवार को चमियाना स्थित अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी में इनपेशेंट डिपार्टमेंट (आईपीडी) सेवाओं का विधिवत शुभारंभ करने के दौरान कीं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए राज्य सरकार 200 करोड़ रुपए की राशि आधुनिक तकनीक पर खर्च काने जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार अपने संसाधनों से यह विकास कार्य कर रही है, ताकि प्रदेशवासियों को स्थानीय स्तर पर ही विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण कर अधिकारियों को मरीजों को उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की और आवश्यक सुधारों हेतु दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को अस्पताल तक पहुंचने वाली सड़क को और बेहतर करने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों की सुविधा के लिए परिवहन सेवाएं भी सुदृढ़ करने की बात कही।