घुमारवीं भाजपा ने मनाया 'संविधान गौरव' दिवस
घुमारवीं भाजपा ने शुक्रवार को मिलन पैलेस में 'संविधान गौरव दिवस' कार्यक्रम का आयोजन किया। इस आयोजन की अध्यक्षता घुमारवीं भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश ठाकुर और भराड़ी भाजपा मंडल अध्यक्ष जोरावर सिंह पटियाल ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग उपस्थित रहे। इस मौके पर उन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर के फोटो पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। अपने संबोधन में पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कांग्रेस पार्टी पर संविधान को लेकर ढोंग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ही बाबा साहेब अंबेडकर को सही मायने में सम्मान दिया। उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के दौरान बाबा साहेब को भारत रत्न से सम्मानित किया गया और मोदी सरकार ने उनकी जन्म व कर्मभूमि में भव्य स्मारक का निर्माण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। राजेंद्र गर्ग ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए पूछा कि इतने लंबे शासन के बावजूद कांग्रेस ने बाबा साहेब को भारत रत्न क्यों नहीं दिया। उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे अपने अतीत से सबक लेना चाहिए और संविधान निर्माता अंबेडकर के प्रति ईमानदारी दिखानी चाहिए। इस मौके पर घुमारवीं व भराड़ी भाजपा मंडल के महामंत्री पंकज चंदेल, ब्रहम दास गौतम, सरवन जम्वाल, संजय ठाकुर, लेख राम कौल, महेंद्र धर्माणी, रमेश ठाकुर, पुरषोत्तम शर्मा, कैप्टन सुरजीत, प्रताप राव, रक्षा ठाकुर, सुधा शर्मा, भावना पठानिया, रेनू जम्वाल व नीलम पठानिया सहित विधानसभा के प्रमुख भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।