एयरपोर्ट प्रभावितों को अभी तक मिला 450 करोड़ मुआवजा
कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण में प्रभावितों को मुआवजा देने की प्रक्रिया में प्रशासन ने 450 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की है। प्रशासन ने प्रभावितों को 505 करोड़ रुपये की राशि आवंटित करने का खाका तैयार किया था। इसमें अब प्रशासन 100 करोड़ रुपए की राशि सरकार से मिलने का इंतजार कर रहा है। साथ ही प्रशासन ने आगामी चरण के लिए प्रभावितों के लिए 300 करोड़ रुपए देने का खाका तैयार किया है। राशि मिलने के बाद सहमति देने वाले प्रभावितों को राशि आवंटित करने की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के तहत 14 गांवों की 147.7587 हेक्टेयर भूमि प्रभावित हो रही है। इसमें 25.1064 हेक्टेयर सरकारी भूमि भी शामिल है। वहीं, 1.5 हेक्टेयर सरकारी भूमि पर कुछ लोगों के आवासीय और व्यवसायिक भवन भी बने हुए हैं। एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए जिला प्रशासन की ओर से मुआवजा राशि का भी आवंटन किया जाता है। इसमें एयरपोर्ट के साथ लगते मुहालों में राशि का आवंटन किया भी गया है। एसडीएम कांगड़ा इशांत जसवाल ने कहा कि प्रभावितों को 450 करोड़ की राशि आवंटित की जा चुकी है। जैसे-जैसे राशि मिल रही है, उसके हिसाब से ही मुआवजा राशि आवंटित की जा रही है।