भाजपा के नेताओं ने संविधान निर्माता को किया याद
कुल्लू जिले में पुनर्सीमांकन के बाद नए रूप में स्थापित भाजपा सैंज मंडल में वीरवार को संविधान गौरव अभियान नामक कार्यक्रम के अंतर्गत एक विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने मुख्य रूप से शिरकत की, जबकि भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य मुख्य वक्ता रही। इससे पूर्व भाजपा के नेताओं ने संविधान निर्माता डॉ. बीआर अंबेडकर की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। भाजपा मंडल सैंज द्वारा आयोजित संविधान गौरव अभियान में पधारी मुख्य वक्ता प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान के महत्व को उजागर करना और संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर का सम्मान करना है। प्रदेश भर में 11 जनवरी से संविधान गौरव अभियान लगातार चल रहा है। उन्होंने कहा कि मेरा संविधान मेरा गौरव, मेरा संविधान मेरा स्वाभिमान इस भाव को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान को बनाए रखना और इसके मुख्य निर्माता बीआर अंबेडकर को श्रद्धांजलि देने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। भाजपा कार्यकर्ता सभी मंडलों में संविधान की प्रस्तावना पढ़ेंगे, ताकि अंबेडकर जी के मूल्यों को अपने दिल के करीब रखा जाए। कार्यकर्ताओं को संविधान पर प्रकाश डालते हुए स्थानीय विधायक सुरेंद्र शौरी ने आरोप लगाया कि निजी लाभ के लिए कांग्रेस पार्टी लगातार संविधान को कमजोर करने और डॉ. अंबेडकर की विरासत का सम्मान करने में विफल रही है। भाजपा ने प्रजातंत्र की रक्षा करते हुए लोकतंत्र की रक्षा का काम किया है और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संविधान के प्रति अटूट सम्मान दिखाने का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 70 वर्ष देश में साम्राज्य किया, लेकिन संविधान निर्माता बीआर अंबेडकर को सम्मान नहीं दिया। भाजपा ने उन्हें सम्मानपूर्वक भारत रत्न की उपाधि देकर से श्रद्धांजलि दी। भाजपा के मंडल अध्यक्ष अमर ने कहा कि संविधान गौरव अभियान के तहत भाजपा जनता को और करीब लाना चाहती है और कांग्रेस की पोल खोलने को बिलकुल तैयार है। इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष भीमसेन शर्मा, बंजार भाजपा के पूर्व भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश ठाकुर, शेर सिंह नेगी, ढाले राम ठाकुर, बलदेव मंहत, युवा मोर्चा के अध्यक्ष वेदराम ठाकुर सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।