ढांक से गिरने से युवक की मौत, धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने आया था मामा के घर
थाना धर्मपुर के अंतर्गत एक दुखद हादसे में बलेहड़ गांव में 33 वर्षीय युवक की ढांक से गिरने के कारण मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान मनीष कुमार पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी गांव बलेहड़, डाकघर कुज्जा बल्ह, तहसील संधोल, जिला मंडी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मनीष कुमार 4 अप्रैल को अपने परिवार सहित मामा के घर बलेहड़ एक धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने आया था। अनुष्ठान सम्पन्न होने के उपरांत वह अपने परिवार सहित कुछ दिन के लिए मामा के घर ही रुका हुआ था। हादसा उस समय हुआ जब मनीष घर के आंगन से कुछ दूरी पर स्थित शौचालय की ओर पेशाब करने गया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ढांक से नीचे गिर गया। गिरने से उसके शरीर में गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तुरंत उपचार हेतु सिविल अस्पताल संधोल ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा और परिजनों के बयान कलमबंद किए। पुलिस के अनुसार परिजनों को किसी पर कोई शक नहीं है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। मनीष के असामयिक निधन से परिवार सहित समूचा गांव गहरे सदमे में है। डीएसपी धर्मपुर ने मामले की पुष्टि की है।