इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स-इंडिया की फेलो सदस्यता से नवाजे गए आईआईटी मंडी के विजय शर्मा
आईआईटी मंडी के अधीक्षण अभियंता विजय कुमार शर्मा को इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स इंडिया द्वारा फेलो सदस्यता प्रदान की गई है। सिविल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में 30 से अधिक वर्षों के अनुभव के साथ, शर्मा ने अपने पूरे करियर में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं में योगदान दिया। आईआईटी मंडी में दो वर्षों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए, उन्हें इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) में फेलो के रूप में चुना गया है। इसके अतिरिक्त, शर्मा को चार्टर्ड इंजीनियर (इंडिया) सर्टिफिकेट भी प्रदान किया गया है। बता दें कि विजय कुमार शर्मा ने बीएसएनएल कंस्ट्रक्शन में एक इंजीनियर के रूप में अपना करियर शुरू किया था। उन्होंने 29 वर्षों तक बीएसएनएल को अपनी सेवाएं दी। इस दौरान उन्होंने बीएसएनएल में टेलीफोन एक्सचेंज बिल्डिंग, कॉलोनी, मोबाइल टावर और राज्य की कई बड़ी परियोजनाओं पर काम किया। उन्होंने हिमाचल सरकार के पॉलिटेक्निक कॉलेज, अस्पताल और कई स्कूलों का निर्माण भी किया।