बढार से झनिकर वाया कैहरवीं सड़क का आज से शुरू होगा काम
उपमंडल भोरंज के तहत बढार से झनिकर वाया कैहरवीं सड़क फुल डेप्थ रिक्लेमेशन तकनीक से बनाने को लोक निर्माण विभाग ने कार्य शुरू कर दिया है। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले जल शक्ति विभाग की पेयजल पाइपों को और गहराई तक दबाने का कार्य शुरू किया था, जिसे पूरा कर लिया गया है। हालांकि, पाइपों को बदलने के लिए काफी समय लग गया, लेकिन अब इस सड़क को पक्का करने के लिए मशीनरी पहुंच गई है और बुधवार से इस सड़क को पक्का करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। बता दें कि बढार से झनिकर वाया कैहरवीं सड़क को एफडीआर तकनीकी से बनाने का प्रपोजल तैयार किया है, जिसके लिए तीन फुट तक इस सड़क की खुदाई की जानी है। इस सड़क पर कार्य शुरू करने से पहले जल शक्ति विभाग की पेयजल पाइपों को हटाना आवश्यक था। फरवरी माह में पेयजल पाइपों को बदलने का कार्य पूरा कर लिया गया था, लेकिन उसके डेढ माह बाद इसे पक्का करने का शुरू किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क को बंद हुए तीन महीने से भी अधिक समय हो चुका है, लेकिन अभी तक सड़क को पक्का नहीं किया जा रहा है। अभी तक सड़क की हालत ऐसी नहीं है कि जिसपर गाड़ी को ले जाया जा सके। इस रूट पर बसों का चलना शुरू हो गया है, लेकिन दोपहिया वाहन चालकों को अभी परेशानी का सामना करन पड़ रहा है। विधायक सुरेश कुमार ने भोरंज उपमंडल की सड़कों का चैड़ीकरण और एंबुलेंस योग्य सड़क हर गांव तक पहुंचाने के लिए कार्य शुरू करवाया था। सड़कों के लिए बीते दो वर्षों में भोरंज क्षेत्र में सड़क सुधार व निर्माण पर लगभग 250 करोड़ रुपए मंजूर किए जा चुके हैं। जिसमें विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण तथा ग्रामीण क्षेत्रों की छोटी सड़कों का निर्माण कार्य शामिल है। लोगों की सड़क सुविधा को देखते हुए कई सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है, जिसका कार्य जारी है। सड़कों के चौड़ा होने से वाहन चालकों को किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। भोरंज की सड़कों में कई ऐसे मोड़ थे, जहां पर हमेशा दुर्घटना का अंदेशा बना रहता था, वहां पर चौड़ा करने का कार्य किया जा रहा है। वहीं, हमीरपुर से बस्सी तक कई जगहों पर टारिंग भी कर दी गई है, जबकि लंबलू के पास पाइप और नाली बनाने का कार्य किया जा रहा है। इस सड़क पर भी जल्द टारिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस बारे में लोक निर्माण विभाग के अधीशाषी अभियंता केके भारद्वाज ने बताया कि सड़क को नई तकनीक से बनाया जा रहा है। इसके लिए मशीनरी पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि पाइपें बदलने का कार्य पूरा हो गया है। बुधवार से बढार से कैहरवीं सड़क को एफडीआर तकनीक से तैयार किया जाएगा। इस सड़क को जितना जल्द होगा तैयार करवाने की कोशिश की जाएगी।












