हिमाचल में 15 साल की जाए टैक्सी परमिट की वैधता, उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से उठाई मांग
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नई दिल्ली में केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। उन्होंने गडकरी के समक्ष राज्य के सड़क और परिवहन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। मुकेश अग्निहोत्री ने अखिल भारतीय टैक्सी परमिट की अवधि 12 से बढ़ाकर 15 साल करने का आग्रह किया, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया।
स्क्रैप योजना के तहत लंबित राशि मांगी
डिप्टी सीएम अग्निहोत्री ने राज्य में पुराने स्क्रैप वाहनों के लिए केंद्रीय सहायता योजना के अंतर्गत शेष धनराशि जारी करने का आग्रह किया। इस योजना के तहत 15 साल पुराने वाहन स्क्रैप करने पर केंद्र सरकार बजट देती है, मगर इस योजना में कुछ बजट केंद्र सरकार के पास लंबित है।
बल्क ड्रग पार्क को जोडऩे वाली सड़क को एनएच बनाने का आग्रह
ऊना में बन रहे बल्क ड्रग पार्क को जोडऩे वाली नंगल अजोली मोड से जेजों तक सड़क को नेशनल हाईवे घोषित करने का मामला भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष उठाया। उन्होंने इस सड़क के लिए 429 करोड़ की राशि मंजूर करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने अमृतसर से होशियारपुर फोरलेन एनएच को बनखंडी से झलेड़ा तक फोरलेन करने की भी मांग रखी। अग्निहोत्री ने जेजों मोड से टाहलीवाल चौक वाया भाई जी का मोड तक तीन पुलों सहित सड़क के उन्नयन को लेकर 48.69 करोड़ स्वीकृत करने की मांग रखी।












