राज्य स्तरीय बाल विज्ञान स्मेलन में बुटेल ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन
32 वें राज्य स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन का शुभारंभ विधायक पालमपुर विधानसभा क्षेत्र आशीष बुटेल के कर कमलों द्वारा जिला कांगड़ा के राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में किया गया। हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (हिमकोस्टे) के ज्वाइंट मेंबर सेक्रेटरी डॉ. सुरेश चंद अत्री ने मुख्यातिथि को सम्मानित किया। विज्ञान सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों के लगभग 550 विद्यार्थी व शिक्षक विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे मैथेमेटिक्स ओलंपियाड, निबंध लेखन, स्लोगन लेखन, साइंस क्विज, साइंस स्किट व इनोवेटिव साइंस मॉडल में भाग ले रहे हैं। इस सम्मेलन में विधायक ने बाल वैज्ञानिकों की ओर से लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। सम्मेलन के शुभारंभ पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्यातिथि ने अपने संबोधन में सभी प्रतिभागियों को देश का भविष्य बताया। हिमकोस्टे के संयुक्त सचिव डॉ. सुरेश अत्री ने बताया कि वर्ष 202425 में बाल विज्ञान सम्मेलन के लिए कुल 22000 बच्चों ने ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण करवाया था। कार्यक्रम के अंत में उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा विभाग कांगड़ा अजय संबियाल ने सभी प्रतिभागियों व उपस्थित शिक्षकों का धन्यवाद किया। इस आयोजन में हिमकोस्टे की वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी व स्टेट कोऑर्डिनेटर दीपशिखा गौड़, ढलियारा पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक राजेश ठाकुर, राजकीय महाविद्यालय ढलियारा की प्रधानाचार्य डॉ. अंजू चैहान, सभी जिलों के विज्ञान पर्यवेक्षक व प्रभारी विज्ञान अध्यापक भी उपस्थित रहे।












