पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने किया इंटर कॉलेज चेस एंड रेसलिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ
राजकीय संस्कृत कॉलेज सुंदरनगर में सरदार पटेल यूनिवर्सिटी की इंटर कॉलेज चेस एंड रेसलिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए रिबन काटकर किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. खुशवंत सिंह, प्रतियोगिता आयोजक सचिव डॉ. तिलक राज सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने मुख्य अतिथि का शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और चेस मुकाबले में स्वयं भी चाल चलकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल जीवन का अभिन्न अंग है। आज के युवा पढ़ाई के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सुंदरनगर क्षेत्र के कई रेसलिंग खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि कुछ युवा शिक्षा में तो कुछ खेलों में अधिक निपुण होते हैं, इसलिए दोनों क्षेत्रों में संतुलन बनाना आवश्यक है। खेल न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हैं बल्कि भविष्य में कैरियर निर्माण के लिए भी सुनहरा अवसर प्रदान करते हैं। कॉलेज प्रधनाचार्य डॉ. खुशवंत सिंह ने बताया कि इंटर कॉलेज चैंपियनशिप में महिला वर्ग की 9 चेस टीमें, पुरुष वर्ग की 10 चेस टीमें, महिला वर्ग की 6 रेसलिंग टीमें और पुरुष वर्ग की 7 रेसलिंग टीमें भाग ले रही हैं।












