मंत्री रोहित ठाकुर के प्रयासों से तेजी से चल रहा कुड़ी मोहली सड़क का मेटलिंग और टारिंग कार्य
चौपाल विधानसभा क्षेत्र के पुंदर क्षेत्र से सटी कोटखाई तहसील की ग्राम पंचायत गरावग के अंतिम गांव कुड़ी मोहली को जोडऩे वाली महत्वपूर्ण सड़क के उन्नयन और चौड़ीकरण के बाद, अब मेटलिंग और टायरिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। इस कार्य से स्थानीय निवासियों में खुशी की लहर है, जिन्होंने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के प्रयासों की सराहना की है। ग्रामवासियों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों की भाजपा सरकार के कार्यकाल में इस सड़क का निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ था। कांग्रेस सरकार के गठन के बाद, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने व्यक्तिगत रूप से इस परियोजना में रुचि ली, जिससे निर्माण कार्य में तेजी आई और अब यह अपने अंतिम चरण में है। समस्त गरावग पंचायत की स्थानीय जनता और कुड़ी मोहली के ग्रामवासियों ने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए माननीय शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उनका मानना है कि इस सड़क के पूर्ण होने से उनके जीवन में काफी सुधार आएगा और आवागमन सुगम हो जाएगा। यह परियोजना हिमाचल सरकार और शिक्षा मंत्री के जनहितैषी कार्यों का एक उत्कृष्ट उदाहरण बन गई है।












