खराब परिणाम देने वाले शिक्षकों की रुकेगी वेतन वृद्धि: शिक्षा मंत्री
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने राज्य में शिक्षा प्रणाली में बड़े बदलावों का ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो शिक्षक संतोषजनक परिणाम नहीं देंगे, उनकी वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) रोकी जाएगी, जबकि अच्छा प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने यह घोषणा शिमला स्थित राज्य सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान की। उन्होंने बताया कि जहां 1947 में हिमाचल की साक्षरता दर मात्र 7 प्रतिशत थी, वहीं 2011 में यह बढ़कर 83 प्रतिशत हो गई और अब वर्तमान में यह 100 प्रतिशत तक पहुंचने की उम्मीद है। शिक्षा मंत्री रोहित ने बताया कि नेशनल असेसमेंट सर्वे 2021 में हिमाचल प्रदेश 21वें स्थान पर था, जो अब पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। 'असर' सर्वे में तो हिमाचल ने लर्निंग और रीडिंग के मामले में केरल जैसे राज्य को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में लगभग 1200 स्कूलों को मर्ज किया गया है।
सिंगल टीचर वाले स्कूलों की संख्या में आई कमी
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने कड़े फैसले लिए हैं और अब हम और सुधार करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षकों के खाली पद भरे जा रहे हैं, जिससे सिंगल टीचर वाले स्कूलों की संख्या में काफी कमी आई है। शिक्षा विभाग में 7000 से अधिक पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है।
यौन शोषण मामले में दो शिक्षक किए निलंबित
रोहित ठाकुर ने स्कूलों में छात्राओं के साथ यौन शोषण की घटनाओं को दुखद बताया और जानकारी दी कि ऐसे मामलों में अब तक दो शिक्षकों को निलंबित किया जा चुका है।












