विपिन परमार ने दी शहीद पवन कुमार को श्रद्धांजलि
प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष, कांगड़ा-चंबा लोकसभा भाजपा प्रभारी व विधायक विपिन सिंह परमार ने राजौरी में वीरगति को प्राप्त शहीद सूबेदार मेजर पवन कुमार को श्रद्धांजलि दी। परमार ने शहीद के पैतृक गांव शाहपुर में उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस, वीरता और मातृभूमि के प्रति बलिदान को शत-शत नमन किया। विधायक परमार ने ईश्वर से प्रार्थना की कि शहीद की आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिवारजनों को दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इस अवसर पर परमार ने शहीद के परिजनों को सांत्वना भी दी। वहीं, संयुक्त मोर्चा ऑफ एक्स सर्विसमैन ने सूबेदार मेजर पवन कुमार जरियाल को श्रद्धांजलि दी। पूर्व कैप्टन जगदीश वर्मा ने कहा कि हम उनको सलाम करते हैं, जिन्होंने सेवानिवृत्ति से मात्र दो महीने पहले अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए अपनी जान दे दी। उन्होंने युद्धविराम पर कहा कि इस फैसले के लिए हम भारत सरकार के साथ हैं। पाकिस्तान का अगर पुराना रिकॉर्ड देखा जाए तो उन्होंने कई बार भारत को धोखा दिया है तथा वह किसी भी भरोसे के काबिल नहीं है।












