पाकिस्तान स्टेट स्पॉन्सर्ड टेररिज्म नेशन: अनुराग
पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आतंकवाद पर भारतीय सेना की कार्रवाई 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता और आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को बेनकाब करने के उद्देश्य से अफ्रीकी देश इथोपिया में नीति निर्धारकों के समूह, मीडिया संस्थानों, भारत के मित्रों व प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए आतंकवाद पर भारत का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद पर वैश्विक समुदाय की एकजुटता की मांग आज के समय की जरूरत है और अफ्रीकन यूनियन ने भारत के सुझावों को अपना समर्थन दिया है। अनुराग ने कहा, 'पाकिस्तान पिछले 30 सालों से आतंकवाद को पालने का घिनौना काम कर रहा है इसलिए पाकिस्तान को आतंकवादियों के लिए बड़ी संवेदनाएं हैं। ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए पाकिस्तानी आतंकवादियों के अंतिम संस्कार में अधिकारी, पुलिसकर्मी और कई नेता शामिल हुए और उनको झंडे में लपेटकर अंतिम विदाई दी गई। पाकिस्तान स्टेट स्पॉन्सर्ड टेररिज्म का प्रमाणित देश है, जहां की सरकार आतंकियों को फंडिंग करने, पालने व पोसने का काम करती है। पाकिस्तान अगर अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो पाकिस्तान को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।












