वन मित्रों से बोले सीएम-भविष्य सुनिश्चित करूंगा, इंतजार करें
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को हमीरपुर में राजीव गांधी वन संवर्धन योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने नादौन के दो महिला मंडलों अमलैहड़ व भवड़ां को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। ये दोनों महिला मंडल दोदो हेक्टेयर वन भूमि पर पौधरोपण करेंगे। सीएम ने ग्रीन एडॉप्शन योजना का शुभारंभ भी किया। पहले चरण में अंबुजा कंपनी 25 हेक्टेयर, अडानी फाउंडेशन 10 हेक्टेयर तथा अल्ट्राटेक 10 हेक्टेयर भूमि पर पौधरोपण कर उनकी देखभाल सुनिश्चित करेंगे, जिसके लिए मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रमाण पत्र सौंपे। इस योजना के तहत निजी उद्यम, कंपनियां और गैर-सरकारी संगठन बंजर वन भूमि को गोद लेकर पौधरोपण करेंगे। बड़ू में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि वन विभाग में फील्ड स्टाफ की कमी थी, जिससे वन संरक्षण में बाधा आ रही थी, इसलिए मेरिट के आधार पर वन मित्रों की नियुक्ति की गई है और इनमें बेटियां नौकरियां प्राप्त करने में आगे निकल गईं। सीएम सुक्खू ने वन मित्रों को भरोसा दिलाया कि उनका भविष्य सुरक्षित है, वे चिंता न करें। उन्होंने वन मित्रों से कहा, 'आपके भविष्य की नीति पर विचार किया जाएगा। अब आप सरकारी सिस्टम में आ गए हैं, आप ही वनों के सच्चे संरक्षक हैं।'
स्मारिका और पुस्तक का किया विमोचन
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 'संवाद' स्मारिका तथा पुस्तक 'द माउंटेन्स विल्डेरनेस ऑफ स्पीति' का विमोचन भी किया। वन मित्रों की हाजिरी के लिए विभाग की एक मोबाइल ऐप का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने बेहतर कार्य करने वाले पालमपुर के ब्लॉक अधिकारी राकेश कुमार व उनकी टीम तथा चंबा के अरण्यपाल अभिलाष दामोदर और उनकी टीम को स्मानित किया।












