सुकेत रियासत की समृद्ध देव संस्कृति को समर्पित कॉफी टेबल बुक 'देव रियासत- द डिवाइन लिगेसी'
सुकेत रियासत की समृद्ध देव संस्कृति को समर्पित कॉफी टेबल बुक 'देव रियासत- द डिवाइन लिगेसी' के माध्यम से सुंदरनगर प्रशासन ने एक अनूठा प्रयास किया है। उपमंडलाधिकारी सुंदरनगर अमर नेगी के प्रयासों से राज्यस्तरीय सुकेत देवता मेला के समापन समारोह में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने इसका विधिवत विमोचन भी कर दिया गया है। वहीं इस कॉफी टेबल बुक का शोध कार्य रोशन लाल शर्मा शास्त्री अध्यापक राजकीय माध्यमिक विद्यालय भोजपुर ने किया। रोशन लाल के अथक प्रयासों से लगभग 200 देवी-देवतओं की जानकारी इस पुस्तक में सांझा की है। जानकारी देते हुए रोशन लाल शर्मा ने कहा कि यह कॉफी टेबल बुक देव आस्था के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगी। इस पुस्तक का वर्गीकरण नाम, वैदिक नाम, देवता की शक्ति, मेले, उत्सव, सहायक देवता, स्थान, दूरी, सुंदरनगर से मंदिर की दूरी, रहने की व्यवस्था और प्रधान, गूर, पुजारी, कारदार का संपर्क सूत्र सहित राज्यस्तरीय सुकेत देवता मेला में आने की जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि कॉफी टेबल बुक के लिए कम समय में जानकारी जुटाना बहुत कठिन था। इसके बावजूद सभी देवी-देवताओं के आशीर्वाद और मंदिर कमेटियों के महत्वपूर्ण सहयोग से कार्य संपन्न हो सका है।इस दौरान कुछ मंदिरों से जानकारियां उपलब्ध नहीं हो सकी जिस कारण उन देवी-देवतओं को इस पुस्तक में सम्मिलित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कॉफी टेबल बुक में देवताओं के रथ श्रेणी का भी वर्गीकरण किया है। रथ के वर्गीकरण के अनुसार यह सिद्ध नहीं किया गया है कि कौन देवता ज्येष्ठ या कनिष्ठ है। इसमें केवल देवताओं की जानकारी उपलब्ध करवाना और देव पर्यटन को बढ़ावा देना सुनिश्चित किया गया है। उपमंडलाधिकारी सुंदरनगर अमर नेगी के दिशा निर्देश पर इस कॉफी टेबल का विमोचन संभव हो सका है। राज्यस्तरीय सुकेत देवता मेला के समापन समारोह पर मुख्यतिथि उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने भी रोशन लाल शास्त्री के इस बेहतरीन कार्य की प्रशंसा करते हुए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।