मां मरयारी हेल्पिंग हैंड व व्यापार मंडल ने तांदी प्रभावितों को बांटी राहत सामग्री
बीते दिनों बंजार के तांदी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के पश्चात ग्रामीणों की मदद के लिए जहां सरकार सहित प्रशासन भी आगे आया है। वहीं, कई समाजसेवी संस्थाएं भी अग्निकांड प्रभावित परिवारों की मदद करने से नहीं चुक रही हैं। इसी कड़ी में मां मरयारी हेल्पिंग हैंड सहित संयुक्त व्यापार मंडल सुंदरनगर ने तांदी के प्रभावित परिवारों के लिए मां मरयारी हेल्पिंग हैंड अध्यक्ष नीरज शर्मा के सानिध्य में राहत सामग्री बांटी। बंजार के जीभी गांव के समाजसेवी राजेश गौतम व जगदीश ने बताया कि राहत सामग्री सुकेत व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुरेश कौशल व संयुक्त व्यापार मंडल सुंदरनगर सुरेश कौशल, बब्बू पंसारी के आह्वान पर कई दानी सज्जनों व प्रबुद्ध लोगों ने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री देने के लिए भरपूर सहयोग किया। राहत सामग्री में बच्चों व महिलाओं के कपड़े अलग से भेजे गए हैं। संगठन की टीम ने प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री से भरी गाड़ी तांदी गांव में भेजी। समाजसेवी राजेश गौतम ने बताया कि राहत सामग्री में प्रभावितों को कंबल, रजाई, बर्तन, खाद्य सामग्री व कृषि उपकरण, गर्म कपड़ों सहित रोजमर्रा की आवश्यक बस्तुएं दी गई हैं।