पाताल महिला मंडल हलाण-2 बना नाटी का सरताज
पतलीकूहल गणतंत्र दिवस में पाताल महिला मंडल हलाण-2 ने नाटी ने पहला स्थान प्राप्त कर 20 हजार का इनाम जीता। वहीं, नाटी का दूसरा पुरस्कार महिला मंडल उशलीधार ने अपने नाम किया व गणपति महिला मंडल डोभी तीसरे स्थान पर रहा। उशलीधार को 15 हजार व डोभी को 10 हजार का नकद इनाम दिया गया। समूह गान प्रतियोगिता में सत्यनारायण महिला मंडल लीगन प्रथम, भुवनेश्वरी महिला मंडल जगतसुख दूसरे व नीलकंठ महिला मंडल रामपुर को तीसरा स्थान मिला। इन महिला मंडलों को क्रमश: 10, 7 व 5 हजार का नकद पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा भौंऊरु प्रतियोगिता में सेवती देवी विजेता चुनी गई। उन्हें 3000 रुपए का नकद इनाम दिया गया। आशियां ग्रुप द्वारा सभी महिला मंडलों को ट्रॉफी प्रदान की गई। समारोह में होटलियर एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मुकेश ठाकुर, पूर्व उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर एवं होटलियर इंद्र ठाकुर ने तिरंगा फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की। 11 बजे प्रतियोगिताओं का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। इस अवसर पर मनाली से पार्षद चंद्रा प्रधान व कल्पना ठाकुर, ग्राम पंचायत हलाण-2 सीमा, फलोत्पादक मंडल महासचिव राजीव ठाकुर, गिरीश वर्मा, पुष्पा ठाकुर, वार्ड पंच नीरू चांदनी सहित व्यापार मंडल के सदस्यों सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। इन्हें मिला स्मान इस वर्ष सतीश सूद को अध्यापन, गायन एवं बेहतरीन मंच संचालन के लिए आशियां ग्रुप के सलाहकार धर्मेंद्र शर्मा एवं भीखम राम लंबरदार द्वारा विजय लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी सहित 5000 हजार की राशि दी गई।
कलाकारों ने बांधा समां
सांस्कृतिककार्यक्रम में प्रदेश भर से आए नामी कलाकारों ने अपने कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें हनी नेगी ने हिमाचली गीत गाकर खूब समां बांधा। शिवानी ठाकुर ने हिमाचली नृत्य कर वाहवाही लूटी। इसके अलावा आशियां ग्रुप के मंच संचालक सिमरन भारद्वाज व रविंद्र कारवा ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। हिमाचली गायक संतोष तोशी, डोनी चौहान, उर्मिला दीपक, ने भी देशभक्ति के गीत गाए।