डीएवी पब्लिक स्कूल जोगिंद्रनगर में वैदिक हवन यज्ञ के साथ नए सत्र का शुभारंभ
डीएवी पब्लिक स्कूल जोगिंद्रनगर में नव शैक्षणिक सत्र का आरंभ वैदिक परंपराओं के साथ किया गया। विद्यालय परिसर में शांति और सौहार्द का वातावरण उस समय देखने को मिला जब शास्त्री श्री मोहित अवस्थी जी के सान्निध्य में वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ वैदिक हवन यज्ञ संपन्न हुआ। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पूर्ण श्रद्धा के साथ यज्ञ में आहूतियां अर्पित कीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय ठाकुर ने यज्ञ के पश्चात सभी विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि वैदिक हवन न केवल पर्यावरण को शुद्ध करता है, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और जीवन के मूल्यों से जोड़ता है। उन्होंने यज्ञ के वैदिक और वैज्ञानिक पक्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यज्ञ का वास्तविक अर्थ है – अपने स्वार्थों का त्याग कर संपूर्ण जीव जगत के कल्याण हेतु कार्य करना। विद्यालय में पहले दिन बच्चों का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्कूल का वातावरण उल्लासपूर्ण रहा, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी सभी उत्साहित नजर आए। प्रधानाचार्य ने जानकारी दी कि नए सत्र में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु कई नवाचार योजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं छात्रों को नए सत्र की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह बच्चों को एक अच्छे नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करनी चाहिए। डीएवी संस्थान का यही उद्देश्य है—“विद्या के माध्यम से जीवन का कल्याण।”