सुंदरनगर में हर्षोल्लास से मनाई गई ईद-उल-फितर, मुस्लिम समुदाय ने नमाज अदा कर मांगी खुशहाली की दुआ
सुंदरनगर में मुस्लिम संप्रदाय के लोगों ने सोमवार को ईद-उल-फितर का पर्व बड़े हर्षोल्लास से मनाया। संप्रदाय के स्थानीय व प्रवासी लोगों ने ईद-उल-फितर की नमाज अता कर खुशहाली के लिए दुआ मांगी और गले मिल कर बधाई दी। मुस्लिम लोगों में भारी उत्साह के साथ सुबह से ही मस्जिदों में नमाज अता करने वालों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। सुंदरनगर की जामा मस्जिद के साथ-साथ डीनक, नेरचौक, ढ़ावण और डडोह की मस्जिद में लोगों ने मिलजुल कर नमाज अता की। इस मौके पर जामा मस्जिद सुंदरनगर में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुस्लिम स्कॉलर तथा हिमाचल दलित एवं अल्पसंख्यक सोशल रिफॉर्म के अध्यक्ष ए.जी. शेख ने इस दिन की महिमा का बखान करते हुए कहा कि रमजान के पवित्र माह में ही कुरान शरीफ उतरा था। इस माह में अल्लाह के लिए ही रोजे रखे जाते है। इस दिन मीठी सेवइयां आपस में प्यार को बढ़ावा देने की नसीहत देती है। जिससे शिक्षा लेकर मुस्लिम हर वर्ग के साथ आपसी भाईचारे को बढ़ाये और देश के विकास में अपना बढ़चढ़ कर योगदान दे। उन्होंने कहा कि ईद उल फितर का त्यौहार भी हमें यहीं प्रेरणा देता है। उन्होंने समुदाय के सभी लोगों से समाज में सौहार्द बनाने के लिए कार्य करने और देश को तरक्की की राह पर ले जाने के लिए मिलकर कार्य करने को भी प्रेरित किया। इधर, ईद के मौके पर सभी ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की बधाई भी दी व सगे संबंधियों व आस पड़ोस में मिष्ठान भेंट किए। ईद पर अपने बड़ों से ईदी मिलने पर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बनती थी।












