नगरोटा बगवां में बनाई जाए पार्किंग, व्यापार मंडल ने विधायक आरएस बाली को बताईं समस्याएं
नगरोटा बगवां व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने नगरोटा बगवां क्षेत्र की समस्याओं को लेकर नगरोटा के विधायक आरएस बाली को ज्ञापन सौंपते हुए मांग रखी कि बाजार में सड़क किनारे किसी कंपनी द्वारा केबल डालने के लिए करीब एक साल पहले खुदाई की गई थी। एनएच विभाग ने आज तक खोदी गई सड़क की भरपाई नहीं की, जिससे व्यापारियों के साथ लोगों को पैदल चलने में दिक्कत हो रही है। ज्ञापन में कहा है कि नगरोटा शहर और साथ लगते गांवों में बेसहारा पशुओं की बढ़ती संख्या से स्कूली बच्चों और लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है तथा कई लोगों को इन्होंने घायल भी किया है और आए दिन वाहनों की दुर्घटनाएं हो रही हैं। व्यापार मंडल ने मांग रखी कि बाजार में आए दिन वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण जाम लगते हैं। ऐसे में बाजार में पार्किंग की व्यवस्था करवाई जाए। इस अवसर पर उन्होंने आरएस बाली से गुहार लगाई है कि बेसहारा पशुओं को किसी सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था करवाई जाए। व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने पर्यटन विकास निगम अध्यक्ष व कैबिनेट रैंक मंत्री आरएस बाली द्वारा नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों की प्रशंसा भी की। इस प्रतिनिधिमंडल में व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेंद्र सिपहिया, अरविंद चौधरी, नवयोग आदि शामिल रहे। वहीं, विधायक आरएस बाली ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों का शीघ्र निपटारा किया जाएगा। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को एक कमेटी बनाने को कहा, ताकि शहर के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा सके।












