एनडीए, नीट व जेईई की तैयारी में जुटे युवा डिजिटल लाइब्रेरी में होंगे परिपक्व, एसडीएम ने जताया आभार
डिजिटल लाइब्रेरी जोगिंद्रनगर के लिए क्रिसेंट स्कूल के प्रबंध निदेशक विजय शर्मा व जोगिंद्रनगर के अन्य समाजसेवियों ने लगभग 180 पुस्तकें भेंट की हैं। उन्होंने सार्वजनिक पुस्तकालय संचालन समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम जोगिंद्रनगर मनीष चौधरी की उपस्थिति में यह पुस्तकें भेंट कीं। पुस्तकालय में नीट, जेईई व एनडीए जैसी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे युवाओं के लिए ये पुस्तकें लाभप्रद साबित होंगी। एसडीएम ने बताया कि इससे पूर्व डिजिटल लाइब्रेरी के लिए समाजसेवी सोहन लाल सहोता ने दो कंप्यूटर तथा समाजसेवी एकाकश ने भी किताबें भेंट की हैं। एसडीएम ने सहयोग प्रदान करने के लिए विजय शर्मा व सभी समाजसेवियों का आभार व्यक्त किया है। मनीष चौधरी ने आए हुए समाजसेवियों के साथ बैठक भी की तथा कहा कि उनका प्रयास है कि पुस्तकालय में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे युवाओं तथा बच्चों के लिए विविध विषयों की पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित हो, इस दिशा में वे निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पुस्तकालय के सुचारू संचालन एवं पुस्तकों सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं जुटाने में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग निरन्तर सहयोग प्रदान कर रहे हैं। पुस्तकालय को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिये पुस्तकों के माध्यम से अपना अहम योगदान दिया है। इस नेक कार्य के लिये एसडीएम ने पुस्तकें भेंट करने वाले सभी समाजसेवियों का आभार जताया तथा आशा व्यक्त की कि समाज के अन्य लोग भी उनसे प्रेरणा लेकर डिजिटल लाइब्रेरी में पुस्तकों सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं जुटाने में स्थानीय प्रशासन का सहयोग करने के लिये आगे आएंगे। इस मौके पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष अमर सिंह जसवाल, सचिव सुशील पठानिया, वरिष्ठ रोटेरियन अजय ठाकुर, मेजर जीएस बरवाल, व्यापार मंडल जोगिंद्रनगर के सचिव सतवीर, तलकेहड पंचायत की प्रधान शुचिका, समाजसेवी सोहन लाल सहोता भी मौजूद रहे।












