'एक राष्ट्र-एक चुनाव' के पक्ष में बन रहा देश का माहौल: अनुराग
पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने जम्मू- कश्मीर प्रवास के दौरान श्रीनगर में एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरे देश का माहौल एक राष्ट्र एक चुनाव के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव को लेकर भाजपा के देशव्यापी अभियान का असर देखने को मिल रहा है। आज देश का माहौल एक राष्ट्र-एक चुनाव के पक्ष में है। एक राष्ट्र, एक चुनाव फॉर्मूला लागू करना देश के लिए फायदेमंद साबित होगा, क्योंकि यह न केवल विभिन्न चुनावों पर होने वाले खर्चों में कटौती करेगा, बल्कि इससे काफी समय भी बचेगा। अनुराग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार परफॉर्म, रिफॉर्म और ट्रांसफॉर्म पर यकीन करती है। आज अगर देश इतनी तेज गति से विकास कर रहा है, तो इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। यह बिल भी उसी दिशा में उठाया गया एक कदम है।












