भाजपा ने बाबा साहेब की जयंती पर बूथों पर करवाए कार्यक्रम
भारतीय संविधान के शिल्पकार, सामाजिक न्याय के पुरोधा और समता के प्रतीक डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आज भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ द्वारा सभी मंडलों और बूथों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रमों, विचार गोष्ठियों और समाज जागरूकता अभियानों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। हर बूथ पर बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर, उनके विचारों और संघर्षों को याद किया गया। समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरित होने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा 'बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता नहीं थे, वे भारत के सामाजिक उत्थान और दलित समाज की आवाज थे, लेकिन दुर्भाग्यवश कांग्रेस जैसी पुरानी पार्टी ने उन्हें बार-बार अपमानित किया। भारतीय जनता पार्टी ने बाबा साहेब के सपनों को साकार करने का बीड़ा उठाया है। आज पार्टी बूथ स्तर तक उनके विचारों को जनजन तक पहुंचा रही है। हम मानते हैं कि समरस और समानता पर आधारित समाज का निर्माण ही सच्ची श्रद्धांजलि है।