हिमाचल जल्द बनेगा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने वाला पहला राज्य
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को प्रदेश के 70 शिक्षकों को सिंगापुर की शैक्षणिक यात्रा पर रवाना किया। सीएम सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को शिक्षा के क्षेत्र में अव्वल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों को वैश्विक अनुभव दिलवाने की पहल अग्रणी है। शिक्षकों को विश्व स्तरीय प्रशिक्षण देने के लिए प्रदेश सरकार ने सिंगापुर की प्रिंसिपल्स अकादमी के साथ ऐतिहासिक करार किया है। इससे शिक्षकों के ज्ञान, कौशल और शिक्षण विधियों में अभूतपूर्व सुधार होगा। इसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा और प्रदेश की शिक्षा प्रणाली अधिक समावेशी, प्रभावी और आधुनिक बनेगी। हिमाचल प्रदेश वर्ष 2032 तक देशभर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने वाला देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनेगा। एनुअल स्टेट्स ऑफ एजुकेशन की ओर से जनवरी, 2025 में जारी रिपोर्ट में हिमाचल प्रदेश के बच्चों के पढऩे का स्तर पूरे देश में सबसे बेहतर आंका गया है। इस रिपोर्ट के अधिकांश मापदंडों में हिमाचल स्कूली शिक्षा में देशभर में श्रेष्ठ राज्य रहा है। राज्य स्तर पर किए गए सर्वे में भी बच्चों के शिक्षण स्तर में बेहतरी देखी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों के पाठ्यक्रम में बदलाव लाने की आवश्यकता है। पाठ्यक्रम में सामान्य ज्ञान विषय आरंभ किया जाना चाहिए।
शिक्षा प्रणाली में आएंगे बदलाव: रोहित ठाकुर
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि अब तक प्रदेश सरकार की ओर से 267 शिक्षकों को सिंगापुर भेजा जा चुका है और यह क्रम आगे भी जारी रहेगा। यह कोई साधारण यात्रा नहीं है, बल्कि हिमाचल सरकार की शिक्षा व्यवस्था को एक नई दिशा देने की ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को गुणवत्ता आधारित प्रशिक्षण देने से शिक्षा प्रणाली में मौलिक बदलाव आएंगे।