किसानों ने सीखे सब्जी फसल की खेती के तरीके, बंजार के 33 किसानों ने प्रशिक्षण में लिया भाग
कृषक प्रशिक्षण केन्द्र सुंदरनगर में “प्राकृतिक खेती में क्षेत्र अभ्यास के साथ आम और विदेशी सब्जियों पर खेती के तरीके” पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कृषि विभाग के जिला कुल्लू के विकासखंड बंजार के 33 किसानों ने भाग लिया। प्रशिक्षण की शुरूआत में समन्वयक डॉ सुधीर ने प्रशिक्षण के बारे, प्राकृतिक खेती की अवधारणा, उसके फायदे और जरुरत पर बल दिया तथा आम और विदेशी सब्जियों पर खेती के तरीके पर चर्चा की। डॉ ओम प्रकाश उप प्रधानाचार्य कृषक प्रशिक्षण केंद्र सुंदरनगर द्वारा किसानों को सब्जी फसलों में प्राकृतिक खेती के महत्व की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को प्राकृतिक खेती में कृषि-पारिस्थितिकी तंत्र का विश्लेषण तथा प्राकृतिक खेती में सब्जी फसलों में महत्वपूर्ण कीट प्रबंधन के लिए पहचान और प्रबंधन पद्धतियाँ, प्राकृतिक खेती में सामान्य तथा विदेशी सब्जी फसलों की खेती, सब्जी पौध उत्पादन तथा नर्सरी प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही किसानों को आयामी फार्म्स गांव नेओरी (गोहर) में प्राकृतिक खेतों का भ्रमण भी करवाया गया। कार्यक्रम में डॉ शकुन्तला राही कृषि वैज्ञानिक, डॉ भारत भूषण, डॉ राजीव शर्मा, सेवानिवृत जिला परियोजना प्रबन्धक डॉ बाम देव शर्मा ने किसानों को प्रशिक्षित किया।