मंत्री विक्रमादित्य के दौरे से गायब रहे PWD के 3 वरिष्ठ अधिकारी, कारण बताओ नोटिस जारी
शिमला: लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के चौपाल दौरे के दौरान गायब रहने पर लोक निर्माण विभाग के तीन वरिष्ठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी अधिकारियों से तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। लोक निर्माण विभाग ने शिमला जोन के प्रभारी मुख्य अभियंता का कार्यभार संभाल रहे अधीक्षण अभियंता (सिविल) विजय चौधरी को कारण बताओ मेमो जारी किया है। यह मेमो 21 जुलाई को प्रधान सचिव (लोक निर्माण) की ओर से जारी किया गया।
मेमो के अनुसार, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह का 19 जुलाई को एचपीपीडब्ल्यूडी मंडल चौपाल के तहत मलकोट और नानहार क्षेत्र का दौरा निर्धारित था। इस दौरान विभिन्न सड़क परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रमों के अलावा नानहार में आयोजित पारंपरिक बिशु मेले के समापन समारोह में भी मंत्री को शामिल होना था।
PWD के वरिष्ठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी
सरकार ने मेमो में कहा है कि मंत्री के दौरे का कार्यक्रम 17 जुलाई को ही सभी संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया था। इसके बावजूद विजय चौधरी मौके पर उपस्थित नहीं पाए गए। जबकि मंत्री के दौरे के दौरान संबंधित योजनाओं के उद्देश्यों की जानकारी देने और क्षेत्र में विभाग की कार्ययोजना से जुड़े आवश्यक इनपुट उपलब्ध कराने के लिए उनकी उपस्थिति जरूरी थी।
तीन दिन में देना होगा जवाब
सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए विजय चौधरी से तीन दिनों के भीतर यह स्पष्ट करने को कहा है कि मंत्री के चौपाल दौरे के दौरान वे मौके पर उपलब्ध क्यों नहीं थे और मंत्री के कार्यक्रम के सुचारू संचालन में सहयोग देने के लिए उपस्थित क्यों नहीं रहे। मेमो की प्रति अभियंता-इन-चीफ, हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग, निर्माण भवन शिमला को भी आवश्यक कार्रवाई और संबंधित अधिकारी को मेमो की तामील सुनिश्चित करने के निर्देशों के साथ भेजी गई है।
PWD के वरिष्ठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी
गौरतलब है कि 21 जुलाई को लोक निर्माण विभाग की ओर से जारी अलग-अलग नोटिस के अनुसार, लोक निर्माण मंत्री का 19 जुलाई को चौपाल उपमंडल के मलकोट और ननहार क्षेत्र का दौरा निर्धारित था। इस दौरान मंत्री को विभिन्न सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के साथ ननहार में आयोजित पारंपरिक बिशु मेले के समापन समारोह में भी शामिल होना था।
मंत्री के दौरे का कार्यक्रम 17 जुलाई को ही संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया था। इसके बावजूद मौके पर संबंधित अधिकारी उपस्थित नहीं मिले। विभाग का कहना है कि इन अधिकारियों की मौजूदगी योजनाओं के उद्देश्यों की जानकारी देने और क्षेत्र में विभाग की कार्ययोजना से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जरूरी थी।
इन अधिकारियों को जारी किया गया कारण बताओ नोटिस
सरकार ने जिन अधिकारियों को नोटिस जारी किया है, उनमें दीपक राज चौहान, अधीक्षण अभियंता (सिविल), एचपीपीडब्ल्यूडी चौथा सर्किल शिमला, नितिन ठाकुर, सहायक अभियंता (सिविल) एवं अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे अधिशासी अभियंता, एचपीपीडब्ल्यूडी मंडल ठियोग व विजय चौधरी, अधीक्षण अभियंता (सिविल) एवं अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे मुख्य अभियंता, शिमला जोन शामिल हैं।
सरकार ने तीनों अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तीन दिन के भीतर स्पष्ट करें कि मंत्री के दौरे के दौरान वे स्थल पर क्यों उपस्थित नहीं थे। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। बता दें मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपने चौपाल दौरे के दौरान अधिकारियों को फोन कर ना आने का कारण पहुंचे पूछा था और इस दौरान अधिकारियों पर भड़क गए थे।






