पूर्व विधायक होशियार सिंह पर विजिलेंस का शिकंजा, विधायक निधि के कथित दुरुपयोग में FIR दर्ज
हिमाचल प्रदेश में विधायक ऐच्छिक निधि के कथित दुरुपयोग के मामले में विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई की है। देहरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक होशियार सिंह चंब्याल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है। आरोप है कि विधायक निधि से जारी आर्थिक सहायता लाभार्थियों के खातों में भेजने के बाद उनसे रकम वापस ले ली गई।
जांच की शुरुआत उनकी फैक्ट्री में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों की शिकायत पर हुई थी। शिकायतकर्ताओं के बयान, सरकारी रिकॉर्ड और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद विजिलेंस ने एफआईआर दर्ज की।
जांच में सामने आया है कि जुलाई 2023 से जनवरी 2024 के बीच पूर्व विधायक ने अपनी फैक्ट्री के 16 कर्मचारियों के बैंक खातों में जिला प्रशासन के माध्यम से विधायक ऐच्छिक निधि से 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता जारी करवाई। आरोप है कि बाद में कर्मचारियों से यह राशि अलग-अलग माध्यमों से वापस ले ली गई। वापस ली गई रकम करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है।
विजिलेंस के अनुसार, कुछ लाभार्थियों ने बयान दिया है कि उनके खातों में राशि आने के बाद उसे नकद निकालकर पूर्व विधायक के निर्देशानुसार सौंप दिया गया। बैंक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर प्रथम दृष्टया सरकारी धन के दुरुपयोग के संकेत मिले हैं।
विजिलेंस ने इस मामले में आपराधिक विश्वासघात और धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। ब्यूरो का कहना है कि जांच निष्पक्ष और साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।






